भारत-ओमान आर्थिक साझेदारी को नई रफ्तार, पीएम मोदी 15–18 दिसंबर तक तीन देशों की यात्रा पर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 दिसंबर से 18 दिसंबर तक तीन देशों के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह जॉर्डन, इथियोपिया और ओमान का दौरा करेंगे। यह यात्रा भारत की विदेश नीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। खास तौर पर यह दौरा भारत-जॉर्डन के साथ 75 वर्षों और भारत-ओमान के साथ 70 वर्षों के राजनयिक संबंधों के अवसर पर हो रहा है।
इससे पहले, 12 दिसंबर को भारत की केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भारत-ओमान CEPA को मंजूरी दे दी। ओमान की शूरा काउंसिल भी इस समझौते को पहले ही स्वीकृति दे चुकी है। उम्मीद जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री मोदी की 17–18 दिसंबर को मस्कट यात्रा के दौरान इस मुक्त व्यापार समझौते पर औपचारिक हस्ताक्षर किए जाएंगे।
CEPA के जरिए दोनों देशों के बीच व्यापार को बढ़ावा देने की योजना है। वित्त वर्ष 2024-25 में भारत-ओमान द्विपक्षीय व्यापार लगभग 10.5 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है। इस समझौते के तहत टैरिफ खत्म किए जाएंगे और व्यापार, निवेश, ऊर्जा, रक्षा एवं सुरक्षा क्षेत्रों में सहयोग को और सुदृढ़ किया जाएगा।




