चकराता: कभी पर्यटन सीजन तक सीमित रहने वाला चकराता का पर्यटन कारोबार अब धीरे-धीरे सालभर चलने वाले कारोबार में बदल रहा है। गांधी जयंती की छुट्टी और वीकेंड के चलते शुक्रवार को चकराता में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे। गुरुवार रात से ही विभिन्न राज्यों से पर्यटकों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था।
छुट्टी के दौरान चकराता के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी रही। इसके साथ ही होटल, होमस्टे, रिसॉर्ट और गेस्ट हाउसों में भी अच्छी बुकिंग देखने को मिली। पर्यटन कारोबारियों को लंबी छुट्टी से कारोबार बढ़ने की उम्मीद है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ वर्ष पहले तक चकराता में पर्यटकों की संख्या मुख्य रूप से पर्यटन सीजन में ही बढ़ती थी। अब स्थिति बदल रही है। मौसम अनुकूल होने के साथ सप्ताहांत, त्योहारों और लंबी छुट्टियों में पर्यटकों की अच्छी संख्या चकराता पहुंच रही है।
इस बदलाव से स्थानीय स्तर पर रोजगार और कारोबार के अवसर भी बढ़ रहे हैं। पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से होटल-होमस्टे के अलावा परिवहन, खानपान और स्थानीय बाजार से जुड़े कारोबार को भी फायदा मिल रहा है।
