जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को नौगाम रेलवे स्टेशन से कश्मीर घाटी की पहली कार्गो पार्सल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन मंगलवार, 16 सितंबर 2025 को दिल्ली पहुंचेगी।
यह सेवा जॉइंट पार्सल प्रोडक्ट-रैपिड कार्गो सर्विस (JPP-RCS) के तहत शुरू की गई है। इस ट्रेन से रोज़ाना 23 से 24 टन सेब और अन्य नाशवंत सामान दिल्ली के टर्मिनल मार्केट तक पहुँचाए जाएंगे।
इस पहल से कश्मीर के बागवानों और किसानों को बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि अक्सर जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन और खराब मौसम के कारण आवाजाही बाधित रहती है। अब किसानों को अपने उत्पादों की समय पर डिलीवरी मिलेगी और उन्हें बेहतर दाम मिल पाएंगे।
एल-जी सिन्हा ने कहा कि यह सेवा न सिर्फ कृषि और बागवानी क्षेत्र को मजबूती देगी बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति प्रदान करेगी।

