प्रकृति संग सामंजस्यपूर्ण विकास ही पर्यटन का भविष्य: सतपाल महाराज, उत्तराखंड पर्यटन को मिला सिल्वर अवार्ड

दिल्ली/देहरादून, 13 सितम्बर 2025।
उत्तराखंड पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। राज्य को आईसीआरटी भारतीय उपमहाद्वीप जिम्मेदार पर्यटन पुरस्कार-2025 में सिल्वर अवार्ड से सम्मानित किया गया है।
दिल्ली के द्वारका स्थित यशोभूमि (आईआईसीसी) में आयोजित इस समारोह में प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि हमारी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पर्यटन क्षेत्र के सतत विकास और निवेश को बढ़ावा देने के लिए निरंतर काम कर रही है। हमारा प्रयास है कि पर्यटन का विकास प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण हो और इसका सीधा लाभ स्थानीय समुदाय को मिले।
कार्यक्रम में महाराज ने कहा कि उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड का इस सम्मान सूची में शामिल होना हमारे लिए गर्व और प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान दर्शाता है कि हमारी नीतियाँ – जैसे ग्रामीण पर्यटन, होम-स्टे योजना और पर्यावरण संरक्षण – सही दिशा में कार्य कर रही हैं।
इस अवसर पर उत्तराखंड पर्यटन की ओर से अपर निदेशक पूनम चंद और आईसीआरटी इंडिया फाउंडेशन के अध्यक्ष हेरोल्ड गुडविन तथा प्रबंध निदेशक सुश्री मनीषा पांडे के बीच एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर भी हस्ताक्षर किए गए। यह साझेदारी जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में भारत, श्रीलंका, नेपाल और मालदीव के कुल 17 संगठनों को सम्मानित किया गया। सतपाल महाराज ने इस अवसर पर सभी संगठनों, उद्यमियों और समुदायों को बधाई दी और कहा कि पर्यटन का सही अर्थ केवल यात्रियों की सुविधा नहीं बल्कि समाज और पर्यावरण की जिम्मेदारी भी है।




