इस साल हेमकुंड साहिब पहुंचे रिकॉर्ड श्रद्धालु, चार लाख तक पहुंच सकता है आंकड़ा

Local Samachaar
1 Min Read

उत्तराखंड के हिमालयी क्षेत्र में स्थित श्री हेमकुंड साहिब में इस वर्ष श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। 23 मई को कपाट खुलने के बाद अब तक 3,68,732 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इसके साथ ही हेमकुंड साहिब यात्रा ने पिछले साल का आंकड़ा पीछे छोड़ दिया है।

पिछले साल करीब 3.25 लाख श्रद्धालुओं ने यहां दर्शन किए थे। इस वर्ष यात्रा शुरू होने के बाद से लगातार बढ़ी श्रद्धालुओं की संख्या के चलते नया रिकॉर्ड बना है। सितंबर में ही तीर्थयात्रियों की संख्या तीन लाख के पार पहुंच गई थी, जिसे उस समय अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा बताया गया था।

अभी भी हेमकुंड साहिब में प्रतिदिन 1,500 से 2,000 श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में यात्रा के अंतिम दिनों में भी श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है। गोविंदघाट गुरुद्वारे के मुख्य प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बताया कि 10 अक्टूबर को कपाट बंद होने तक करीब चार लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

हर वर्ष सर्दियों में भारी बर्फबारी के कारण हेमकुंड साहिब का क्षेत्र दुर्गम हो जाता है और तीर्थयात्रा सीमित अवधि के लिए ही संचालित होती है।

Share This Article