देहरादून के आशारोड़ी चेकपोस्ट पर मंगलवार को एक बार फिर तेज रफ्तार भारी वाहन हादसे का कारण बना। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस जवानों की बस को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस पलट गई और उसमें सवार पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।
हादसा यहीं नहीं रुका। पुलिस बस को टक्कर मारने के बाद ट्रक की चपेट में एक बाइक भी आ गई। बाइक सवार दो लोगों को भी चोटें आईं। पुलिस ने सभी सात घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना मिलने पर क्लेमेनटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान चलाया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य किया गया।
बताया गया है कि पुलिस बस में आईआरबी प्रथम बटालियन के जवान सवार थे। हादसे में घायल पुलिसकर्मियों में हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश, चालक हेड कांस्टेबल हेमपाल सिंह, कांस्टेबल अदीप कुमार, कांस्टेबल प्रदीप राठौर और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल हैं। बाइक सवार शाहिद और इमरान भी घायल हुए हैं।
आशारोड़ी चेकपोस्ट के आसपास लगातार हो रहे हादसों के कारण यह क्षेत्र सड़क सुरक्षा की दृष्टि से चिंता का विषय बनता जा रहा है। अधिकारियों ने हालिया दुर्घटनाओं की जांच के साथ-साथ जिग-जैग बैरिकेडिंग, डिजिटल स्पीड डिस्प्ले और चेतावनी बोर्ड जैसे तत्काल उपाय सुझाए हैं।

