
आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 में भारत ने कुल 85 पदक जीतकर अपने अभियान का समापन किया। भारतीय दल ने 21 स्वर्ण, 27 रजत और 37 कांस्य पदक हासिल किए और पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा। यह भारत का एशियन गेम्स में अब तक का दूसरा सबसे बड़ा पदक प्रदर्शन है।
रविवार को खेलों के समापन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारतीय दल के प्रत्येक सदस्य ने देश का प्रतिनिधित्व दृढ़ संकल्प, जुनून और खेल भावना के साथ किया।
प्रधानमंत्री ने सभी पदक विजेताओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रदर्शन ने देश को खुशी दी है। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धियों को भविष्य के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में भारत और बड़ी खेल उपलब्धियां हासिल करेगा।
मोदी ने यह भी कहा कि एशियन गेम्स का यह प्रदर्शन जमीनी स्तर पर खेलों को मजबूत करने में योगदान दे। भारत की ओर से प्रतियोगिता में कई खेलों में उल्लेखनीय प्रदर्शन देखने को मिला। एथलेटिक्स भारत के लिए सबसे ज्यादा पदक लाने वाला खेल रहा, जबकि तीरंदाजी ने सबसे ज्यादा स्वर्ण पदक दिलाए।
हांगझोउ एशियन गेम्स 2023 में भारत ने रिकॉर्ड 106 पदक जीते थे। इस बार 85 पदकों के साथ भारत उस रिकॉर्ड से पीछे रहा, लेकिन कुल पदकों के लिहाज से यह देश का दूसरा सर्वश्रेष्ठ एशियन गेम्स प्रदर्शन रहा।
