धनुषा हिंसा: टिकटॉक वीडियो विवाद ने नेपाल में बिगाड़े हालात, मस्जिद तोड़फोड़ के बाद भड़का आक्रोश

नेपाल में धनुषा जिले से एक बार फिर हिंसा और सांप्रदायिक तनाव की तस्वीरें सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि टिकटॉक पर पोस्ट किए गए एक विवादित वीडियो के चलते इलाके में तनाव फैल गया, जिसके बाद कुछ लोगों ने एक मस्जिद में तोड़फोड़ कर दी।
इस घटना ने स्थानीय समुदाय को झकझोर कर रख दिया। मस्जिद को नुकसान पहुंचाए जाने की खबर मिलते ही लोग बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और पुलिस के साथ झड़पें होने लगीं।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और कई इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई। हिंसा में कुछ लोगों और पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी पुष्टि हुई है।
प्रशासन ने मामले को गंभीर बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। साथ ही, सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री फैलाने वालों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। नेपाल सरकार ने कहा है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।




