अमेरिका ने विदेशी पेशेवरों को दिए जाने वाले H-1B visa के नियमों में अहम बदलाव किया है। नई व्यवस्था के तहत अब वीजा आवेदकों का चयन पहले की तरह केवल रैंडम लॉटरी से नहीं बल्कि उच्च वेतन और कौशल स्तर को प्राथमिकता देकर किया जाएगा।
इस बदलाव को लागू करने के लिए अमेरिकी एजेंसी U.S. Citizenship and Immigration Services ने वीजा आवेदन की प्रक्रिया में संशोधन किया है। इसके तहत नया Form I-129 जारी किया गया है, जो 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा।
नए फॉर्म में कंपनियों को नौकरी से जुड़ी अधिक विस्तृत जानकारी देनी होगी, जैसे कि नौकरी का पद, शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, कार्य जिम्मेदारियां और प्रस्तावित वेतन। इससे सरकार यह सुनिश्चित कर सकेगी कि वीजा के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार वास्तव में उच्च कौशल वाले हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस बदलाव का असर खास तौर पर भारत और अन्य देशों के तकनीकी पेशेवरों पर पड़ सकता है, क्योंकि H-1B वीजा के सबसे बड़े लाभार्थियों में भारतीय आईटी पेशेवर शामिल हैं।

