बरसात के लंबे अंतराल के बाद अब कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में सफारी सीजन की बहुप्रतीक्षित शुरुआत होने जा रही है। 15 अक्तूबर से बिजरानी जोन के गेट खोल दिए जाएंगे। पर्यटक फिर से जंगल की रोमांचक दुनिया में कदम रख पाएंगे।
हर साल 30 जून से लेकर अक्टूबर मध्य तक कार्बेट टाइगर रिजर्व को मानसून सीजन के कारण बंद कर दिया जाता है, ताकि वन्यजीवों को शांत वातावरण में रहने और प्रजनन का अवसर मिल सके। अब मौसम अनुकूल होते ही वन विभाग ने सफारी की तैयारियाँ शुरू कर दी हैं।
कॉर्बेट प्रशासन ने बिजरानी जोन में टूटी सड़कों, पुलिया, गेट और वन चौकियों की मरम्मत तेज़ कर दी है। इसके अलावा जंगल के अंदर सुरक्षा गश्त भी बढ़ा दी गई है ताकि कोई शिकार या अवैध गतिविधि न हो सके।
वन विभाग ने बताया कि इस बार सफारी बुकिंग के साथ-साथ पर्यटकों के लिए मोबाइल हेल्पलाइन और आपातकालीन सेवाएँ भी उपलब्ध कराई जाएँगी। वहीं, फाटो रेंज में नाइट स्टे सुविधा को और आकर्षक बनाया जा रहा है ताकि आगंतुक जंगल के असली अनुभव का आनंद ले सकें।
कॉर्बेट रिजर्व में इस बार भी बड़ी संख्या में सैलानियों के आने की उम्मीद है। इससे स्थानीय होटलों, गाइडों और जीप मालिकों को भी रोजगार मिलेगा।

