मुख्यमंत्री धामी ने हिमालय संरक्षण पर दिया जोर, कहा- हर नागरिक को निभानी होगी जिम्मेदारी

देहरादून। मसूरी रोड स्थित एक होटल में मंगलवार को हिन्दुस्तान समाचार पत्र द्वारा ’’हिमालय बचाओ अभियान-2025’’ कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया और हिमालय संरक्षण में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2012 में हिन्दुस्तान अखबार ने “हिमालय बचाओ अभियान” शुरू किया था, जो आज एक व्यापक आंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि हिमालय हमारी संस्कृति, आध्यात्मिकता और प्रकृति की अद्भुत धरोहर है। यहां से निकलने वाली नदियां करोड़ों लोगों के जीवन का आधार हैं और यह क्षेत्र दुर्लभ वनस्पतियों व जीव-जंतुओं की धरोहर भी है।
सीएम ने कहा कि हिमालय की रक्षा के लिए विकास और पर्यावरणीय संतुलन को साथ लेकर चलना अनिवार्य है। राज्य सरकार जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए वन एवं जल संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा के इस्तेमाल और पर्यावरण जागरूकता पर लगातार काम कर रही है। पौधारोपण अभियान और जल संरक्षण योजनाओं के जरिए हिमालय के संरक्षण को गति दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन राज्य की अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा है, इसलिए सस्टेनेबल टूरिज्म को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही डिजिटल डिपॉजिट रिफंड सिस्टम से प्लास्टिक वेस्ट प्रबंधन किया जा रहा है, जिससे अब तक 72 टन कार्बन उत्सर्जन घटाने में सफलता मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमालय संरक्षण को और अधिक गति देने के लिए स्थानीय लोगों की पारंपरिक जीवनशैली और अनुभवों को नीति निर्माण में शामिल करना होगा। जब हर नागरिक इस अभियान को अपनी जिम्मेदारी समझेगा, तभी यह धरोहर सुरक्षित रहेगी।




