आस्था के आगे ठंड बेअसर: गंगा स्नान के लिए हरिद्वार-ऋषिकेश में भारी भीड़, उत्तरकाशी में आज माघ मेले का आगाज़

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, पहाड़ों से लेकर मैदानों तक शीतलहर का असर देखा जा रहा है, लेकिन गंगा स्नान को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। हरिद्वार और ऋषिकेश के घाटों पर तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट गई। लोगों ने गंगा में स्नान कर माघ माह की शुरुआत की और धार्मिक अनुष्ठान किए।
घाटों पर पुलिस बल, होमगार्ड और जल पुलिस की टीमें तैनात हैं। जगह-जगह अलाव जलाए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को ठंड से राहत मिल सके। स्वयंसेवी संस्थाएं भी चाय, कंबल और गरम पानी की व्यवस्था कर रही हैं।
इसी बीच उत्तरकाशी में आज माघ मेले का विधिवत उद्घाटन होने जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस पावन मेले का शुभारंभ करेंगे। माघ मेला स्थानीय लोगों के लिए विशेष महत्व रखता है। यह मेला धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक मेलजोल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी बड़ा मंच होता है। प्रशासन ने मेले की व्यवस्थाओं को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।




