देशभर के गिग वर्कर्स ने अपनी मांगों को लेकर बड़ा कदम उठाया है। 31 दिसंबर को स्विगी, जोमैटो और ब्लिंकिट के डिलीवरी पार्टनर्स देशव्यापी हड़ताल पर जाएंगे। यह हड़ताल ऐसे समय पर हो रही है, जब नए साल की पूर्व संध्या पर ऑनलाइन ऑर्डर्स की संख्या चरम पर होती है।
डिलीवरी पार्टनर्स का कहना है कि लंबे समय से उनकी समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। बढ़ती महंगाई के बावजूद उनकी कमाई स्थिर बनी हुई है, जबकि काम का बोझ लगातार बढ़ रहा है। इसके अलावा, सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते मामलों ने सुरक्षा को लेकर चिंता और गहरा दी है।
हड़ताल के आयोजकों का दावा है कि अगर कंपनियां उनकी मांगों पर विचार नहीं करतीं, तो भविष्य में और बड़े आंदोलन किए जा सकते हैं। इसका सीधा असर ऑनलाइन फूड और ग्रोसरी डिलीवरी पर पड़ सकता है।

