शनाका का विवादित नॉट आउट: अंपायर के ‘डेड बॉल’ नियम ने बचाई लंका की उम्मीदें

Local Samachaar
2 Min Read

एशिया कप 2025 के सुपर ओवर में भारत और श्रीलंका के बीच जबरदस्त ड्रामा देखने को मिला। दासुन शनाका एक बार रन आउट होकर भी बच निकले और इसका कारण था क्रिकेट का एक कम-ज्ञात नियम।

घटना यूं हुई कि अर्शदीप सिंह की गेंद पर शनाका बल्ला नहीं छू पाए। गेंद सीधा विकेटकीपर संजू सैमसन के पास पहुंची। भारतीय खिलाड़ियों ने जोरदार अपील की कि गेंद बल्ले से लगी है। अंपायर ने अपील मान ली और शनाका को आउट दे दिया।

लेकिन श्रीलंका ने DRS का सहारा लिया। UltraEdge में साफ हुआ कि गेंद बल्ले को नहीं लगी थी। इसके बाद अंपायर ने आउट का फैसला बदल दिया।

मगर इसी बीच संजू सैमसन ने गेंद से स्टंप्स उड़ा दिए और शनाका क्रीज़ से बाहर थे। ऐसे में सभी को लगा कि अब रन आउट हो चुके हैं। लेकिन MCC के नियमों के अनुसार जैसे ही अंपायर बल्लेबाज को आउट घोषित करता है, उसी क्षण से गेंद डेड हो जाती है। यानी उसके बाद होने वाली कोई भी घटना मान्य नहीं होगी।

इस तरह शनाका का रन आउट अमान्य हो गया और वह नॉट आउट बच गए। हालांकि वह अगले ही गेंद पर आउट हो गए और श्रीलंका सुपर ओवर में केवल 2 रन ही बना सका।

Share This Article