मनोरंजन

आर्यन खान की सीरीज़ पर बवाल: समीर वानखेड़े ने शाहरुख खान की कंपनी और नेटफ्लिक्स पर दायर किया मानहानि केस

दिल्ली उच्च न्यायालय में आईआरएस अधिकारी समीर वानखेड़े ने मानहानि का मुकदमा दायर कर बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान, उनकी पत्नी गौरी खान, उनकी प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट और नेटफ्लिक्स को पार्टी बना दिया है। मामला आर्यन खान से जुड़ी वेब सीरीज़ The Bads of Bollywood को लेकर है।

 

वानखेड़े का आरोप है कि इस सीरीज़ में दिखाया गया एक दृश्य उनकी छवि को खराब करने के लिए बनाया गया है। इस दृश्य में एक अधिकारी पार्टी में जाकर कहता है – “आज मैं इस जगह पर रेड करूंगा”। इसके बाद वह “सत्यमेव जयते” कहता है और एक किरदार मिडल फिंगर दिखाता है। वानखेड़े का कहना है कि इस दृश्य से ऐसा प्रतीत होता है मानो यह उन पर आधारित हो और इससे समाज में उनकी छवि धूमिल हुई है।

 

उन्होंने अदालत से अपील की है कि इस सीरीज़ से आपत्तिजनक दृश्य हटाया जाए। इसके साथ ही उन्होंने 2 करोड़ रुपये हर्जाने की मांग की है और कहा है कि अगर यह राशि उन्हें दी जाती है तो वह इसे टाटा मेमोरियल कैंसर हॉस्पिटल को दान करेंगे।

 

वानखेड़े ने अदालत से स्थायी और अनिवार्य निषेधाज्ञा, घोषणात्मक राहत और आपत्तिजनक दृश्य को हटाने की गुहार लगाई है। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की प्रस्तुति न केवल उनकी मानहानि करती है, बल्कि बॉम्बे हाई कोर्ट और एनडीपीएस स्पेशल कोर्ट, मुंबई में चल रहे उनके और आर्यन खान से जुड़े मामलों को प्रभावित कर सकती है।

 

इसके अलावा उन्होंने तर्क दिया कि “सत्यमेव जयते” जैसी राष्ट्रीय अभिव्यक्ति के बाद अशोभनीय इशारे दिखाना राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण अधिनियम, 1971 का उल्लंघन भी है।

Related Articles

Back to top button