नेपाल की सड़कों से संसद तक Gen Z का दबदबा, पूर्व चीफ जस्टिस सुशीला कार्की बनीं अंतरिम नेता की पहली पसंद

Local Samachaar
2 Min Read

नेपाल में भ्रष्टाचार और राजनीतिक अस्थिरता के खिलाफ चल रहे जनआंदोलन ने एक नया मोड़ ले लिया है। युवा पीढ़ी यानी Gen Z ने देश की पहली महिला चीफ जस्टिस रह चुकीं सुशीला कार्की को अंतरिम सरकार का नेता चुना है।

 

दरअसल, बीते दिनों हुए प्रदर्शनों और उग्र माहौल के बाद प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने इस्तीफा दे दिया। हालात संभालने के लिए सेना को दखल देना पड़ा। इसके बाद प्रदर्शनकारियों और नागरिक समूहों ने तय किया कि एक निष्पक्ष, गैर-पार्टी और सख्त ईमानदार शख्सियत को आगे लाया जाए।

 

एक वर्चुअल बैठक में 5,000 से ज्यादा युवाओं ने चार घंटे तक चर्चा की और अंततः सर्वसम्मति से सुशीला कार्की के नाम पर मुहर लगाई। उन्हें भ्रष्टाचार विरोधी रुख और बेदाग छवि के लिए जाना जाता है।

 

सुशीला कार्की जुलाई 2016 से जून 2017 तक नेपाल सुप्रीम कोर्ट की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश रही हैं। वे BHU से राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर और त्रिभुवन विश्वविद्यालय से विधि स्नातक हैं। उन्होंने भ्रष्टाचार के कई बड़े मामलों में कड़े फैसले दिए और अपनी आत्मकथा ‘न्याय’ भी लिखी।

 

उनके नेतृत्व में बनाई जाने वाली अंतरिम सरकार का कार्यकाल 6 महीने से 1 साल तक का हो सकता है, जिसका मकसद नया चुनाव कराना और देश में स्थिरता लाना होगा।

Share This Article