एनएआरआई 2025 रिपोर्ट पर सवाल: महिला आयोग ने पीवैल्यू एनालेटिक्स को अगली सुनवाई में टीम सहित तलब किया

Local Samachaar
2 Min Read

देहरादून, 8 सितंबर 2025:

देवभूमि उत्तराखंड की राजधानी देहरादून को पीवैल्यू एनालेटिक्स कंपनी द्वारा जारी राष्ट्रीय वार्षिक रिपोर्ट और सूचकांक (एनएआरआई) 2025 में महिलाओं के लिए असुरक्षित शहर बताया गया। इस पर आपत्ति जताते हुए उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने आज कंपनी को समन भेजकर उपस्थित होने के निर्देश दिए।

 

कंपनी की ओर से प्रतिनिधि मयंक ढैय्या आयोग में उपस्थित हुए। उन्होंने कहा कि यह रिपोर्ट केवल एक एकेडमिक अध्ययन है, जिसका उद्देश्य किसी भी शहर की छवि को धूमिल करना नहीं था। हालांकि, आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल और पैनल के सवालों पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

 

जानकारी के अभाव और अधूरी तैयारी के चलते आयोग ने सख्त रुख अपनाते हुए अगली सुनवाई 15 सितंबर 2025 को तय की। इस दौरान कंपनी के प्रबंध निदेशक, रिपोर्ट/इंडेक्स के प्रमुख इन्वेस्टिगेटर व सहायक इन्वेस्टिगेटर को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

 

महिला आयोग ने स्पष्ट किया कि एक सप्ताह के भीतर सर्वे से जुड़े सभी दस्तावेज, मीटिंग्स की मिनट्स रिपोर्ट, सर्वे में पूछे गए प्रश्न, प्रतिभागी महिलाओं की प्रोफाइल (वर्किंग या गृहिणी), टेलीफोनिक सर्वे के आधार, तथा अधूरी एकेडमिक प्रक्रियाओं का पूरा ब्यौरा आयोग को उपलब्ध कराना अनिवार्य है।

 

अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने चेतावनी दी कि यदि कंपनी ने संतोषजनक स्पष्टीकरण पेश नहीं किया तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article