उत्तरकाशी: उच्च हिमालय में भारी बर्फबारी के बाद गंगोत्री नेशनल पार्क में ट्रेकिंग और पर्वतारोहण गतिविधियों पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। पार्क प्रशासन ने यह निर्णय हाल में ट्रेकर्स और पर्वतारोहियों के फंसने की घटनाओं को देखते हुए लिया है।
26 और 27 सितंबर को हुई बारिश और बर्फबारी से उच्च हिमालयी क्षेत्रों में परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हो गई थीं। उत्तरकाशी जिले के विभिन्न ऊंचाई वाले ट्रेकिंग रूटों पर 136 ट्रेकर्स, पर्वतारोहियों और अन्य सदस्यों के फंसने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद प्रशासन ने अलग-अलग एजेंसियों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान चलाया।

गंगोत्री नेशनल पार्क के अधिकारियों के मुताबिक, भारी बारिश और बर्फबारी से पार्क के कई ट्रेकिंग मार्ग प्रभावित हुए हैं। गंगोत्री-गोमुख-तपोवन, गार्टांग गली और केदारताल जैसे मार्गों पर स्थिति का आकलन किया जा रहा है तथा जहां जरूरत है, वहां मार्गों की मरम्मत की जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि मौसम में सुधार और ट्रेकिंग रूट सुरक्षित होने के बाद ही पार्क में प्रवेश तथा ट्रेकिंग-पर्वतारोहण गतिविधियों को फिर से शुरू किया जाएगा।
