उत्तराखंड

सचिवालय निरीक्षण में मुख्य सचिव सख़्त, कहा- “पुरानी फाइलों की छंटनी एक माह में हर हाल में पूरी हो”

देहरादून। 15 सितम्बर, 2025

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय परिसर का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था और विभिन्न अनुभागों की कार्यप्रणाली को बारीकी से देखा।

 

मुख्य सचिव ने विशेष रूप से उन अनुभागों पर नाराज़गी जताई, जो पुरानी फाइलों के ढेर से पटे पड़े हैं। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि सभी अनुभागों की वीडिंग प्रक्रिया एक माह के भीतर पूरी होनी चाहिए।

 

उन्होंने सचिवालय प्रशासन को आदेश दिया कि रिकॉर्ड रूम का निर्माण शीघ्र किया जाए ताकि छंटनी के बाद आवश्यक फाइलें सुरक्षित रखी जा सकें।

 

साथ ही, उन्होंने पाया कि कई अनुभाग एक ही कमरे से संचालित हो रहे हैं। इस पर उन्होंने निर्देश दिए कि तात्कालिक रूप से पोटा केबिन की व्यवस्था की जाए और करीब 10-12 अनुभागों को वहां स्थानांतरित किया जाए।

 

मुख्य सचिव ने यह भी आदेश दिया कि निरीक्षण रोस्टर को पुनः जारी किया जाए ताकि अधिकारी समय पर अपने अनुभागों का निरीक्षण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सचिवालय के सभी भवनों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता को प्राथमिकता दी जाए।

 

निरीक्षण के दौरान सचिव दीपेन्द्र कुमार चौधरी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button