India Health Mahakumbh: हरिद्वार से शुरू हुई तैयारियां, 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक चलेगा ‘स्वास्थ्य पखवाड़ा’

Local Samachaar
1 Min Read

उत्तराखंड सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितम्बर से लेकर महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक “स्वास्थ्य पखवाड़ा” आयोजित करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के नेतृत्व में यह आयोजन पूरे प्रदेश में भव्य रूप से किया जाएगा।

हरिद्वार से कार्यक्रम की कमान स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने संभाली। विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए। डॉ. कुमार ने कहा कि यह आयोजन केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने का प्रयास है।

पखवाड़े के दौरान जिला अस्पतालों, सीएचसी, पीएचसी और निजी मेडिकल कॉलेजों में विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर आयोजित होंगे। इसमें हृदय रोग, मधुमेह, स्त्री एवं बाल रोग की जांच व उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही रक्तदान शिविर भी लगाए जाएंगे।

सरकार ने निक्षय मित्र योजना पर विशेष जोर देने का निर्देश दिया है, ताकि क्षयरोगियों को पोषण व सहयोग मिल सके। साथ ही अल्ट्रासाउंड केंद्रों की निगरानी और झोलाछाप डॉक्टरों पर कड़ी कार्रवाई की बात भी कही गई।

Share This Article