चावल उत्पादन में भारत नंबर-1, चीन को पीछे छोड़ बनी नई पहचान

भारत ने 2025 में चावल उत्पादन के क्षेत्र में नया इतिहास रच दिया है। कृषि मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार भारत का कुल चावल उत्पादन 152 मिलियन टन तक पहुंच गया है, जबकि चीन का उत्पादन 146 मिलियन टन रहा। इस तरह भारत ने दुनिया का सबसे बड़ा चावल उत्पादक देश बनने का गौरव हासिल कर लिया है।
इस उपलब्धि के पीछे सरकार की किसान हितैषी नीतियां, तकनीकी सुधार और बेहतर फसल प्रबंधन प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, डिजिटल कृषि मिशन और उन्नत बीज वितरण कार्यक्रमों ने किसानों को काफी लाभ पहुंचाया है।
कृषि मंत्री ने कहा कि भारत अब केवल आत्मनिर्भर ही नहीं बल्कि वैश्विक खाद्य सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। भारत का बढ़ता चावल उत्पादन अफ्रीका, एशिया और मध्य-पूर्व के देशों के लिए भी राहत भरा साबित होगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यही गति बनी रही तो आने वाले वर्षों में भारत अन्य खाद्यान्नों के उत्पादन में भी विश्व में शीर्ष स्थान हासिल कर सकता है।




