हरिद्वार।
फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की याद में बुधवार, 3 दिसंबर 2025, हरिद्वार के गंगा घाट पर एक भावुक दृश्य देखने को मिला। उनके बेटे सनी देओल और बॉबी देओल सहित परिवार के सभी सदस्य अस्थि-विसर्जन के लिए तड़के घाट पहुंचे।
विसर्जन से पहले लगभग 45 मिनट तक पूजा-अनुष्ठान चला, जिसमें वैदिक रीति के अनुसार पंडितों ने मंत्रोच्चार किया। सनी देओल ने पिता की अस्थियों को गंगा में प्रवाहित किया, जबकि पूरा परिवार उनके साथ खड़ा रहा।
पूरे कार्यक्रम के दौरान परिवार ने मीडिया से किसी भी तरह की बातचीत नहीं की। स्थानीय प्रशासन ने घाट पर बेरिकेटिंग और पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया था ताकि रस्में बिना किसी व्यवधान के पूरी की जा सकें।
धार्मिक विधियां पूरी होने के बाद देओल परिवार तुरंत घाट से निकल गया और फिर मुंबई के लिए लौट गया, जहां धर्मेंद्र के सम्मान में अगली स्मृति रस्में आयोजित की जानी हैं।

